राजकीय समारोह के साथ हुआ पूर्व मंत्री अर्जुन मंडल का अंतिम संस्कार | Arjun Mandal ka Antim Sanskar

👉

राजकीय समारोह के साथ हुआ पूर्व मंत्री अर्जुन मंडल का अंतिम संस्कार | Arjun Mandal ka Antim Sanskar

- शव यात्रा में शामिल हुए हजारों लोग

- अर्जुन मंडल अमर रहे के लगे नारे


विप्र संवाददाता, जमुई:
बिहार सरकार के दिवंगत पूर्व मंत्री अर्जुन मंडल सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। खैरा प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव प्रधानचक में ज्येष्ठ पुत्र विनोद कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान राजकीय समारोह का भी आयोजन किया गया। गौरतलब है कि बीते रविवार को लंबे इलाज के बाद पूर्व मंत्री अर्जुन मंडल का पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। जिसके बाद सोमवार को एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर लाया गया। इस दौरान सर्वप्रथम जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में उनका पार्थिव शरीर रखा गया। जहां भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह सहित अन्य राजनीतिक दल के सहयोगी रहे उनके साथियों ने पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर थोड़ी देर के लिए जिला मुख्यालय स्थित दांगी छात्रावास ले जाया गया। तदुपरांत शाम चार बजे के करीब पूर्व मंत्री का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव प्रधानचक पहुंचा। जहां समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग पूर्व मंत्री के एक दर्शन को लेकर बेताब दिखे। इस दौरान पूर्व मंत्री का पार्थिव शरीर उनके घर पर समर्थकों के लिए थोड़ी देर तक रखा गया। जहां लोगों ने फूल-माला के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात पूर्व मंत्री की शव यात्रा निकाली गई जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और नारेबाजी की। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा गार्ड आफ आनर दिया गया तथा हिंदू रीति- रिवाज के अनुसार पूर्व मंत्री का अंतिम संस्कार किया गया। 


पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि देने वालों में बिहार सरकार के मंत्री सुमित कुमार सिंह, पूर्व मंत्री सह झाझा विधायक दामोदर रावत, सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी, पूर्व विधान परिषद सदस्य संजय प्रसाद, चकाई की पूर्व विधायक सावित्री देवी, जदयू नेता ई. शंभू शरण, भाजपा नेता विकास प्रसाद सिंह, जेपी सेनानी राजेश सिंह, रालोसपा नेता अरुण मंडल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं राजकीय समारोह के आयोजन को लेकर पुलिस अधीक्षक डा. शौर्य सुमन, डीडीसी शशि शेखर चौधरी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी भी पहुंचे थे। देर शाम 6:25 बजे पूर्व मंत्री को मुखाग्नि दी गई और वह पंचतत्व में विलीन हो गए।

हमारे Whatsapp Group को Join करें, और सभी ख़बरें तुरंत पाएं (यहीं क्लिक करें - Click Here)

Previous Post Next Post