वृद्ध हत्याकांड में दो हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने किया घटनाक्रम का खुलासा - Khulasa

👉

वृद्ध हत्याकांड में दो हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने किया घटनाक्रम का खुलासा - Khulasa


विप्र संवाददाता,(जमुई) लखीसराय जिले के एक वृद्ध को सात मवेशी के साथ अगवा कर हत्या कर देने के मामले में सिकंदरा पुलिस ने शुक्रवार को दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार किया है। मुख्यालय डीएसपी अभिषेक कुमार सिंह ने सिकंदरा थाने में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि बीते 13 सितंबर को लखीसराय जिले के रामगढ़ थानांतर्गत कोली अकौनी गांव निवासी 70 वर्षीय झिंगन यादव सात मवेशियों के साथ पैदल ही लछुआड़ थाना के मथुरापुर गांव अपने भांजा के घर जाने के लिए निकला था। 10 दिन बीत जाने के बाद भी जब वह मथुरापुर नहीं पहुंचा तो स्वजन ने उनकी तलाश शुरू कर दी। स्वजनों द्वारा खोजबीन के क्रम में झिंगन यादव को अंतिम बार सिकंदरा थाना क्षेत्र के पोहे मोड़ के समीप देखे जाने की बात सामने आई। इस दौरान खोजबीन में यह पता चला कि कुमार गांव के अमरेश सिंह ने सात मवेशी में तीन भैंस, तीन भैंस का बच्चा एवं एक काड़ी को दो व्यक्ति के हाथों बेच दिया है।जिसके बाद मृतक वृद्ध के पुत्र लालो यादव ने 24 सितंबर को सिकंदरा थाने में अमरेश सिंह को नामजद करते हुए मवेशी को बेचने के साथ पिता के अपहरण का केस दर्ज कराया। घटनाक्रम की सारी जानकारी पुलिस अधीक्षक जमुई को दी गई। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी टीम द्वारा तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ त्वरित कारवाई करते हुए घटनाक्रम के मास्टरमाइंड अमरेश सिंह को पटना जिले के मोकामा से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अमरेश सिंह ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वह अपने सहयोगी कुमार गांव के ही गणेश सिंह के साथ अपने ही बगीचे में वृद्ध झिंगन यादव की गमछी से गला घोट कर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसके शव को झाड़ी में छुपा दिया था। वहीं मध्य रात्रि में गणेश सिंह के साथ वृद्ध के शव को करंडे थाना के कपासी बहियार में ले जाकर पेट्रोल छिड़कर जला दिया। बताया कि सात मवेशियों में एक भैंस और एक बच्चा को गांव के ही किशोरी सिंह एवं शेष बचे भैंस एवं उसके बच्चे को मिर्जागंज के नन्हू मियां व बब्लू कुरैशी के यहां बेच दिया था। अमरेश की निशानदेही पर पुलिस ने कुमार गांव से गणेश सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।ज्ञात हो कि बीते 16 सितंबर को करंडे पुलिस ने अधजली अवस्था में वृद्ध का शव बरामद किया था। पोस्टमार्टम के 72 घंटे बाद शव की पहचान नहीं होने पर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। वहीं एक सप्ताह पूर्व शव बरामदगी की सूचना पाकर स्वजन थाना पहुंचे, जहां तस्वीरों को देखकर शव की शिनाख्त की।जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए हत्यारोपितों की गिरफ्तारी कर घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। इस अभियान में पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कुमार के अलावा थानाध्यक्ष विजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक जयप्रकाश तिवारी, योगेंद्र यादव, संजय सिंह, उपेंद्र कुमार के साथ तकनीकी शाखा जमुई एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



हमारे Whatsapp Group को Join करें, और सभी ख़बरें तुरंत पाएं (यहीं क्लिक करें - Click Here)

Previous Post Next Post